पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी टूर्नामेंट का आगाज़, खालसा कॉलेज, किरोड़ी मल और विवेकानंद कॉलेज की शानदार जीत

दिल्ली में पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट का मंगलवार को शानदार आगाज़ हुआ। मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान पर खेले गए मुकाबलों में पहले ही दिन कई रोमांचक मैच देखने को मिले।

पुरुष वर्ग में खालसा कॉलेज और किरोड़ी मल कॉलेज, जबकि महिला वर्ग में विवेकानंद कॉलेज ने शानदार जीत दर्ज की।

पुरुष वर्ग में खालसा कॉलेज की बड़ी जीत

पुरुष वर्ग के मुकाबले में श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएस) को 6-0 के बड़े अंतर से हराया।

खालसा कॉलेज की जीत के हीरो विपिन रहे, जिन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए चार गोल किए। वहीं मनीष और तनुज ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए विपिन को मैन ऑफ मैच’ चुना गया।

किरोड़ी मल कॉलेज की एकतरफा जीत

एक अन्य मुकाबले में किरोड़ी मल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 11-2 से करारी शिकस्त दी।

इस मैच में समर सिंह और रोहित डांगी ने चार-चार गोल दागे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए समर सिंह को मैन ऑफ मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

महिला वर्ग में विवेकानंद कॉलेज की जीत

महिला वर्ग के मुकाबले में विवेकानंद कॉलेज ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया।

मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल महिमा ने 58वें मिनट में किया। हालांकि बेहतरीन प्रदर्शन के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की मोनिका को प्लेयर ऑफ मैच’ चुना गया।

उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में पीएसपीबी के सलाहकार ललित वत्स मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सरिता त्यागी विशिष्ट अतिथि रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर गुरमोहिंदर सिंह, दिल्ली विश्वविद्यालय खेल परिषद के सहायक निदेशक डॉ. सुशील कुमार और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रवि चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण ‘कम्प्लीट सॉल्यूशंस स्पोर्ट्स’ प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है, जिससे खेल प्रेमी मुकाबलों का सीधा आनंद ले सकते हैं।

Share

Similar Posts