छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी देंगे 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

रायपुर, 1 नवंबर 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित समारोहों में भाग लेंगे। राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री प्रदेश को 14 हजार 260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी आज सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा क्षेत्रों की कई परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। वे ‘दिल की बात’ पहल के तहत श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोगों से उबरे लगभग ढाई हजार बच्चों से बातचीत भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारी संगठन के “शांति शिखर” केंद्र का उद्घाटन करेंगे, जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान का आधुनिक केंद्र है।
प्रधानमंत्री नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात वे जनसमूह को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे, जो राज्य के जनजातीय समुदायों की वीरता और देशभक्ति को दर्शाता है। वे संग्रहालय पोर्टल और ई-बुक ‘आदि शौर्य’ का भी विमोचन करेंगे और वीर नारायण सिंह की घोड़े पर सवार प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नौ जिलों में 12 नए स्टार्ट-अप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम ब्लॉकों का शुभारंभ करेंगे। वे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.5 लाख घरों के गृह प्रवेश में भाग लेंगे और 1,200 करोड़ रुपये की किश्तें जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री पत्थलगांव-कुनकुरी से झारखंड सीमा तक चार लेन वाले ग्रीनफील्ड हाईवे की आधारशिला रखेंगे, जिसे भारतमाला परियोजना के तहत 3,150 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। ऊर्जा क्षेत्र में वे 3,750 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें पूर्वी और पश्चिमी ग्रिडों के बीच 1,600 मेगावाट क्षमता की इंटरकनेक्शन परियोजना भी शामिल है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री रायपुर में एचपीसीएल के नए पेट्रोलियम डिपो का उद्घाटन करेंगे और 489 किमी लंबी नागपुर-झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो छत्तीसगढ़ के 11 जिलों को राष्ट्रीय गैस ग्रिड से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव और नवा रायपुर में औद्योगिक क्षेत्रों, फार्मा पार्क और नए मेडिकल कॉलेजों की भी आधारशिला रखेंगे। बिलासपुर में आयुर्वेद कॉलेज और अस्पताल का निर्माण भी इसी चरण में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा छत्तीसगढ़ के लिए विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






