| |

रीवा में गायों से भरी पिकअप और बाइक के बीच टक्कर: घायल की हालत नाजुक; ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा

रीवा।  जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत केउटी चौराहा के पास रविवार को सड़क हादसा हो गया। देवास से बसामन मामा जा रही गायों से भरी पिकअप क्रमांक एमपी 17 जेड एस 8949 ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। वह सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल की मदद शुरू कर दी।

युवक की हालत नाजुक
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर पिकअप और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में सब सामान्य कराया गया।

घायल युवक की पहचान नहीं हुई
घायल युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी कराने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

Share