सड़क हादसे में घायल मुकुंद की मौत: शव लेकर दसई पुलिस चौकी पहुंचे परिजन; कार्रवाई नहीं होने तक जारी रहेगा धरना

धार। सरदारपुर क्षेत्र के ग्राम बामनखेड़ी निवासी 40 वर्षीय मुकुंद पिता बाबूलाल की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और शव को लेकर दसई पुलिस चौकी पहुंच गए।
यहां उन्होंने आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई, जिससे चौकी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
9 जुलाई की रात पुलिया के पास घायल मिले थे मुकुंद
9 जुलाई की रात ग्राम दसई के समीप गंगाजलिया पुलिया के पास मुकुंद सड़क किनारे गंभीर घायल अवस्था में मिले थे। परिजनों का आरोप है कि ग्राम बामनखेड़ी निवासी शिवा पिता हेमेंद्र ने अपनी बिना नंबर की बाइक से पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे मुकुंद गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल मुकुंद को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उनका उपचार जारी रहा, लेकिन रविवार सुबह करीब 6 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार्रवाई नहीं होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। सुबह करीब 9 बजे वे शव लेकर दसई पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद भी आरोपी के खिलाफ अब तक कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने को कहा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। चौकी प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की मांगों को सुना जा रहा है तथा उन्हें पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाया जा रहा है।