प्रधानमंत्री मोदी आज आंध्र प्रदेश–तमिलनाडु दौरे पर, 9 करोड़ किसानों को पीएम-किसान योजना की किस्त करेंगे जारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। अपनी यात्रा की शुरुआत वे आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी से करेंगे, जहां वे श्री सत्य साईं बाबा मंदिर और महासमाधि स्थल पर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर वे साईं बाबा के जीवन, शिक्षाओं और विरासत को समर्पित एक विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री एक बड़े जनसमूह को संबोधित करेंगे।
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों के पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के कोयंबटूर पहुंचेंगे। यहां वे दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जिसमें लगभग पांच हज़ार किसानों के शामिल होने की उम्मीद है। यह सम्मेलन प्राकृतिक और रसायन-मुक्त कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी 9 करोड़ किसानों के लिए 18 हज़ार करोड़ रुपये की 21वीं पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी करेंगे। इस वित्तीय सहायता से देशभर के किसानों को महत्वपूर्ण राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रधानमंत्री प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों से बातचीत करेंगे और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दस किसानों को सम्मानित भी करेंगे।
तीन दिवसीय यह शिखर सम्मेलन प्राकृतिक किसान और कृषि वैज्ञानिक स्वर्गीय नम्मालवार की प्रचारित खेती की पद्धति को दुनिया के सामने लाने पर केंद्रित है। सम्मेलन का उद्देश्य टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य के लिए सुरक्षित कृषि समाधानों को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन 21 नवंबर को संपन्न होगा।






