पीयूष गोयल कल से इस्राइल की तीन दिन की यात्रा पर, भारत-इस्राइल आर्थिक साझेदारी को मिलेगी नई गति

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से इस्राइल की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। यह महत्वपूर्ण दौरा भारत और इस्राइल के बीच लगातार मजबूत होते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार और निवेश सहयोग को और गहरा करने पर इस यात्रा में विशेष ध्यान दिया जाएगा।
श्री गोयल के साथ लगभग 60 सदस्यीय उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी इस्राइल जाएगा। इसका संचालन सीआईआई, फिक्की, एसोचैम और स्टार्ट-अप इंडिया द्वारा किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति और स्टार्टअप संस्थापक शामिल हैं, जो नए अवसरों की तलाश और सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
यात्रा के दौरान पीयूष गोयल इस्राइल के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ उच्च-स्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने, कृषि तकनीक, रक्षा, उन्नत विनिर्माण और नवाचार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।
भारत और इस्राइल के कारोबारी समुदायों के बीच आपसी सहयोग को प्रोत्साहन देने पर भी बल दिया जाएगा। दोनों देशों की कंपनियों के बीच संयुक्त उद्यम, अनुसंधान में साझेदारी और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर जैसे अवसरों पर प्रमुखता से विचार किया जाएगा।
यह दौरा भारत-इस्राइल के दीर्घकालिक आर्थिक संबंधों को मजबूती प्रदान करने के साथ ही पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोलने में अहम भूमिका निभाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से द्विपक्षीय व्यापार में नई ऊर्जा आएगी और दोनों देशों के बीच नवाचार आधारित साझेदारी और अधिक सुदृढ़ होगी।






