पीथमपुर के होटल G9 में महाराष्ट्र निवासी की मौत: रात में अचानक बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

पीथमपुर (धार)। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र स्थित होटल G9 में ठहरे एक 40 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी निवासी विक्रम बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस अब उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
होटल स्टाफ ने 112 को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, विक्रम बहादुर सोमवार रात होटल G9 में ठहरे हुए थे। देर रात उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। हालत बिगड़ती देख होटल कर्मचारियों ने तत्काल डायल 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
डायल 112 की मदद से उन्हें तुरंत पीथमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
आधार कार्ड से हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। होटल के रजिस्टर और जमा कराए गए आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान विक्रम बहादुर पिता मान बहादुर आलेमगर (40) निवासी इगतपुरी, जिला नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम परिजनों के आने के बाद
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीथमपुर के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है।
नासिक पुलिस से किया संपर्क
सेक्टर-1 थाना पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों का पता लगाने के लिए नासिक पुलिस और संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।