मऊगंज में 11वीं की छात्रा से खेत में छेड़छाड़ का आरोप: मां के पहुंचने पर भागा आरोपी; जान से मारने की धमकी

मऊगंज। शाहपुर में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से खेत में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 3 जुलाई की सुबह की बताई जा रही है। छात्रा खेत में शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के अनिल उर्फ छोटू मिश्रा (35) ने उसके साथ अश्लील हरकत की और छेड़छाड़ की कोशिश की।
छात्रा के शोर मचाने पर पहुंची मां
छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंच गई। मां को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। आरोप है कि भागते समय उसने छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
(POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत के आधार पर शाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में किया पेश
मऊगंज एसडीओपी सची पाठक ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।