पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम घोषित की, सलमान अली आगा होंगे कप्तान

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान सलमान अली आगा को सौंपी गई है, जो इस बड़े टूर्नामेंट में पहली बार पाकिस्तान का नेतृत्व करेंगे।

पाकिस्तानी टीम की घोषणा रविवार सुबह लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। इस मौके पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर और चयन समिति सदस्य आकिब जावेद, कप्तान सलमान अली आगा और सफेद गेंद क्रिकेट के हेड कोच माइकल हेसन मौजूद रहे।

इस बार टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। कप्तान सलमान अली आगा के साथ फहीम अशरफ, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक को पहली बार किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के लिए चुना गया है।

वहीं अबरार अहमद, बाबर आजम, फखर जमान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान और उस्मान खान पहले भी टी20 विश्व कप के एक या अधिक संस्करणों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर टीम में बनाए रखा है। उनके अलावा शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, फखर जमान और नसीम शाह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया गया है। हालांकि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को टीम में शामिल नहीं किया गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला मौजूदा चैंपियन भारत, नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया से होगा। टूर्नामेंट का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक किया जाएगा।

पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ कोलंबो (श्रीलंका) में खेलेगा।

🔹 टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

Share

Similar Posts