गूगल क्रोम को टक्कर देने आ रहा है OpenAI का नया AI ब्राउज़र, जल्द हो सकता है लॉन्च

OpenAI जल्द ही एक नया AI-पावर्ड वेब ब्राउज़र लॉन्च करने की तैयारी में है, जो गूगल के प्रमुख ब्राउज़र Chrome को सीधी चुनौती देगा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, तीन सूत्रों ने बताया कि यह ब्राउज़र आने वाले कुछ हफ्तों में लॉन्च किया जा सकता है और इसका मकसद है वेब ब्राउज़िंग के तरीके को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पूरी तरह बदल देना।
अगर OpenAI का ब्राउज़र इसके मौजूदा 50 करोड़ साप्ताहिक यूज़र्स द्वारा अपनाया जाता है, तो यह गूगल के विज्ञापन बिजनेस पर बड़ा असर डाल सकता है। क्रोम ब्राउज़र गूगल को यूज़र्स के डेटा के माध्यम से विज्ञापन टारगेटिंग में मदद करता है, जो अल्फाबेट की आय का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा है।
सूत्रों के अनुसार, नया ब्राउज़र कई इंटरैक्शन को ChatGPT जैसे इंटरफेस में ही सीमित रखेगा, जिससे यूज़र को हर बार वेबसाइट पर क्लिक करके जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसका मकसद उपभोक्ताओं के निजी और पेशेवर जीवन में AI को गहराई से शामिल करना है।
ब्राउज़र के ज़रिए OpenAI को यूज़र के वेब एक्टिविटी तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे वह अपने AI एजेंट्स को और अधिक उपयोगी बना सकेगा—जैसे रेस्टोरेंट बुकिंग करना या फॉर्म भरना—सीधे वेबसाइट पर ही।
OpenAI ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन यह नया कदम गूगल और अन्य प्रतिस्पर्धियों से मुकाबले में कंपनी के विस्तार की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। मई में OpenAI ने Apple के पूर्व डिज़ाइन प्रमुख जॉनी आइव की कंपनी io को $6.5 बिलियन में खरीदा था, जिससे वह हार्डवेयर क्षेत्र में भी प्रवेश कर रहा है।
हालांकि, OpenAI को Chrome जैसी मजबूत पकड़ वाले ब्राउज़र से मुकाबला करना आसान नहीं होगा। Chrome को दुनियाभर में 3 अरब से अधिक लोग इस्तेमाल करते हैं और इसका मार्केट शेयर दो-तिहाई से ज्यादा है, जबकि Apple का Safari महज़ 16% हिस्सेदारी रखता है। OpenAI ने हाल ही में बताया था कि उसके पास 30 लाख भुगतान करने वाले व्यवसायिक यूज़र्स हैं।






