NSUI की सरकार को चेतावनी: कहा-प्रत्यक्ष प्रणाली से हो छात्रसंघ चुनाव; नही तो करेंगे पूरे प्रदेश में प्रदर्शन

भोपाल। NSUI ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी दी है।
भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर संगठन की आगामी रणनीति की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव शुरू कराने के लिए NSUI लगातार प्रयास कर रही थी। हाईकोर्ट में जनहित याचिका के बाद चुनाव का रास्ता साफ हुआ।
छात्रों के अधिकारों की जीत
आशुतोष चौकसे ने छात्रसंघ चुनाव की शुरुआत को छात्रों के संघर्ष और लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के जरिए विद्यार्थियों को अपनी बात रखने और अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है।
प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की मांग
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मांग है कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष प्रणाली में हर छात्र अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सीधे अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर सकेगा।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
आशुतोष चौकसे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव नहीं कराए गए या छात्रों के अधिकारों का हनन हुआ, तो एनएसयूआई पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगी
उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
छात्रसंघ चुनाव पर बढ़ी राजनीतिक हलचल
एनएसयूआई ने साफ कर दिया है कि छात्रसंघ चुनाव के मुद्दे पर संगठन किसी भी समझौते के पक्ष में नहीं है। अब नजर प्रदेश सरकार के अगले फैसले पर है कि छात्रसंघ चुनाव किस प्रणाली के तहत कराए जाते हैं।