लाल किला कार विस्फोट केस में बड़ी कार्रवाई: एनआईए ने कश्मीरी युवक आमिर राशिद अली को किया गिरफ्तार

लाल किला कार विस्फोट मामले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने दिल्ली से कश्मीरी निवासी आमिर राशिद अली को गिरफ्तार किया है, जिस पर इस हमले की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने आत्मघाती हमलावर उमर नबी के साथ मिलकर इस आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
इस विस्फोट में 10 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए थे। जांच में सामने आया कि हमले में प्रयुक्त कार आमिर राशिद के नाम पर पंजीकृत थी, जिससे एजेंसी को उसके खिलाफ महत्वपूर्ण सबूत मिले। एनआईए ने साजिशकर्ता उमर नबी से जुड़े एक अन्य वाहन को भी ज़ब्त किया है, जिसकी फोरेंसिक जांच जारी है।
एनआईए अधिकारियों के अनुसार, अभी तक 73 गवाहों से पूछताछ की जा चुकी है, जिनमें विस्फोट में घायल लोग भी शामिल हैं। कई तकनीकी सबूतों और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर एजेंसी सुरागों की पुष्टि कर रही है।
जांच एजेंसी दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और विभिन्न केंद्रीय सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। एनआईए का कहना है कि उनका उद्देश्य हमले की बड़ी साजिश को उजागर करना और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाना है।






