इंदौर में ड्राय डे पर आबकारी की कार्रवाई: दो बैग में मिली 100 से ज्यादा छोटी शराब बोतल; पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया

इंदौर। स्वतंत्रता दिवस पर ड्राय डे के दौरान आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। राजमोहल्ला वृत्त की टीम ने गश्त के दौरान एक युवक को दोपहिया वाहन से शराब ले जाते पकड़ा। टीम ने उसके पास से देशी शराब जब्त की।
शराब और दोपहिया वाहन की कुल कीमत करीब 84,250 रुपए बताई गई है। मामले में युवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्लास्टिक बैग में छिपाकर ले जा रहा था शराब
आबकारी टीम ने शक के आधार पर MP09 XM6919 नंबर की बाइक को रोका और तलाशी ली। बाइक के पीछे बंधे दो प्लास्टिक बैग में 50 छोटी बोतल प्लेन और 50 छोटी बोतल मसाला देशी शराब, यानी कुल 100 छोटी बोतल शराब मिली।
टीम ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया। मौके से वाहन चालक योगेश पिता कालू गुडिया (20), निवासी लक्ष्मीनगर काकड़, इंदौर को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। विभाग के अनुसार जब्त शराब और वाहन का कुल बाजार मूल्य 84,250 रुपए है।
यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल और सहायक जिला आबकारी अधिकारी विनीता सागर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में वृत्त उप निरीक्षक मीना माल के साथ मुख्य आबकारी आरक्षक किशनसिंह रघुवंशी और ओमप्रकाश साहू का सराहनीय योगदान रहा।