झाबुआ सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत: खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहा था परिवार; 2 बच्चें और 3 बड़े घायल

झाबुआ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात सड़क हादसा हो गया। पारा से खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक (RJ 14 GP 7281) में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वह घसीटते हुए आगे जाकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार 9 लोगों में से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। दो बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ट्रक सुधारने के लिए किनारे पर खड़ा किया
ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण उसे सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। रात के समय अर्टिगा कार की रफ्तार काफी तेज थी। इस वजह से ड्राइवर अंधेरे में खड़े ट्रक को देख नहीं पाया। कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
कार में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। कुछ लोग ही खुद बाहर निकलने में कामयाब हो पाएं।
एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचआई की एंबुलेंस और शिवगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने सभी घायलों को दो एंबुलेंस के से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सभी का इलाज जारी है। परिवार इंदौर, धार और झाबुआ जिलों का रहने वाला था।
मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को सूचित किया गया। झाबुआ जिला पास होने के कारण परिवार के कुछ लोग रात में ही अस्पताल पहुंच गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।