|

NIA ने लाल किला आतंकी घटना में शामिल चार और मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने दिल्ली के लाल किला आतंकी हमले मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आज चार और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार पटियाला हाउस कोर्ट के जिला सत्र न्यायाधीश के आदेश पर इन सभी आरोपियों को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है, जिससे जांच में तेज़ी आने की उम्मीद है।

NIA ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जम्मू-कश्मीर के डॉ. मुजम्मिल शकील गनई, डॉ. अदील अहमद राथैर, मुफ्ति इरफान अहमद वागे और उत्तर प्रदेश के डॉ. शाहीन सईद शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार ये सभी लाल किला घटना से जुड़ी आतंकी साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे और घटना से पहले तथा बाद में मॉड्यूल से जुड़े कई अहम गतिविधियों में भूमिका निभा रहे थे।

एजेंसी ने बताया कि मामले की जांच के तहत पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे आतंकवादी नेटवर्क के काम करने के तरीकों और उनके विदेशी या स्थानीय संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं सामने आ रही हैं। NIA का कहना है कि पूरी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करने के प्रयासों के तहत जांच टीम कई राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर लगातार अभियान चला रही है।

गृह मंत्रालय द्वारा हमले के तुरंत बाद इस मामले की जांच NIA को सौंपी गई थी। तब से लेकर अब तक एजेंसी आतंकवादी मॉड्यूल के प्रत्येक सदस्य का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। नई गिरफ्तारियों ने इस जांच को और मजबूत किया है और अब NIA पूरे मॉड्यूल को उजागर करने के अंतिम चरण में है।

Share

Similar Posts