| |

NEET-UG पेपर लीक केस में महाराष्ट्र से कोचिंग क्लास मालिक गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के लातूर शहर से एक कोचिंग क्लास संचालक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) के मालिक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को पेपर लीक मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में हिरासत में लिया है।

CBI सूत्रों के अनुसार, शिवराज मोटेगांवकर की पेपर लीक नेटवर्क में सक्रिय भूमिका होने की सूचना मिलने के बाद रविवार को उनके कार्यालय और घर पर तलाशी अभियान चलाया गया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने उनसे करीब 11 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सोमवार को उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसी का दावा है कि मोटेगांवकर NEET-UG पेपर लीक और उसके सर्कुलेशन से जुड़े संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। आरोप है कि उन्होंने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल 2026 को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और उत्तर हासिल किए थे तथा कई लोगों तक पेपर पहुंचाने में भूमिका निभाई थी।

उल्लेखनीय है कि नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 2026 का आयोजन 3 मई को देश के 551 शहरों और 14 विदेशी परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा के बाद पेपर लीक की शिकायतें सामने आने पर परीक्षा को रद्द कर दिया गया और मामले की जांच CBI को सौंपी गई

इस मामले में CBI पहले ही पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ मंधारे सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़े थे। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हुई है।

Share

Similar Posts