| |

नशे में हंगामा करने वाला मुंशी सस्सपेंड: खुद को बताया था पुलिस लाइन का गुंडा; दो बोतल शराब पीकर पहुंचा था थाने

रीवा। अमहिया थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक (मुंशी) अच्छेलाल सिंह निलंबित कर दिया गया है। मुंशी नशे की हालत में थाने के भीतर हंगामा कर रहे थे। मामले में पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

थाने में पदस्थ मुंशी अच्छेलाल सिंह का नशे की हालत में घंटों हंगामा करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में वह खुद दो बोतल शराब पीने की बात स्वीकार करते हैं।

थाने के भीतर हाईवोल्टेज ड्रामा
घटना बुधवार शाम की है। मुंशी अच्छेलाल सिंह नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए थाने के भीतर हंगामा करते दिखाई दिए। पूरे घटनाक्रम के तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें उनका व्यवहार और बातचीत साफ दिखाई दे रही है।

वीडियो में कबूली शराब पीने की बात
वीडियो में मुंशी कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैंने आज दो बोतल शराब पी है… एक सफेद वाली पौआ और एक विदेशी वाली नंबर-1। अब पी है तो पी है।” इसके बाद भी वह लगातार ऊंची आवाज में बोलते रहे और थाने में मौजूद लोगों के सामने हंगामा करते रहे।

खुद को बताया पूर्व एएसपी का असिस्टेंट
नशे की हालत में मुंशी ने कई और बयान भी दिए। उन्होंने कहा कि वह रीवा की पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के असिस्टेंट रह चुके हैं और पूर्व एसपी चौहान साहब के भक्त हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद को “पुलिस लाइन का गुंडा” बताते हुए कहा कि वह सूबेदार दिलीप तिवारी के अधीन काम कर रहे हैं।

अभियान पर उठे सवाल
रीवा पुलिस पिछले चार दिनों से “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है। ऐसे समय में थाने के भीतर एक पुलिसकर्मी का शराब के नशे में हंगामा करना और स्वयं शराब पीने की बात स्वीकार करना विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल खड़े कर रहा है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
यह पहली बार नहीं है जब रीवा में किसी पुलिसकर्मी का थाने के भीतर नशे की हालत में वीडियो सामने आया हो। इससे पहले समान थाना क्षेत्र में भी एक मुंशी का ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में विभागीय कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को निलंबित किया गया था।

एसपी ने दिए जांच के आदेश
रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Share