| |

मप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच आज यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 आज रविवार को मध्य प्रदेश सहित देशभर में आयोजित की जा रही है। राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर निर्धारित परीक्षा केंद्रों में परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

मध्य प्रदेश में यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से लगभग डेढ़ घंटे पहले प्रारंभ कर दी जाएगी।

ग्वालियर में इस वर्ष 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6652 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि इंदौर में 27 परीक्षा केंद्रों पर 12,104 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं।

संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र (Admit Card) और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, बैग, स्मार्ट डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केंद्रों पर परीक्षार्थियों का सामान रखने की व्यवस्था नहीं होगी। साथ ही परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जबकि चप्पल पहनकर आने की छूट रहेगी।

परीक्षार्थी केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र, पेन, पेंसिल, पहचान पत्र, स्व-फोटोग्राफ की प्रतियां (जहां लागू हो) तथा निर्देशानुसार आवश्यक सामग्री ही अपने साथ ले जा सकेंगे। पेयजल के लिए पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति दी गई है।

Share

Similar Posts