मप्र में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान की शुरुआत आज, मुख्यमंत्री करेंगे प्रवेशोत्सव का शुभारंभ

मध्य प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आज से ‘स्कूल चलें हम’ अभियान 2026 की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav भोपाल के टीटी नगर स्थित मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरण भी किया जाएगा, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों के बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिल सके। राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को स्कूलों में नामांकित करना और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जनसम्पर्क अधिकारी अखिल परस्ते के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अंतर्गत मेधावी छात्रों को लैपटॉप सहायता, स्कूटी योजना और साइकिल वितरण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिडिल, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए ट्रैकिंग सिस्टम भी लागू किया गया है।
राज्य सरकार ने इस वर्ष हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। यह अभियान शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।






