रीवा से प्रेम, शांति और सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी

मध्य प्रदेश के रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा संचालित पारिवारिक संस्कृति, प्रेम, शांति और सद्भावना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ एक वर्ष तक चलने वाले जन जागरण अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान समाज में प्रेम, शांति, भाईचारे और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रयास प्रदेश में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रथ में स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों के दिव्य स्वरूपों की पूजा-अर्चना भी की और अभियान की सफलता की कामना की।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान का यह प्रयास प्रदेश में आध्यात्मिकता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देगा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान की भोपाल जोन डायरेक्टर बीके निर्मला के निर्देशन में यह जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है, जो महाशिवरात्रि 2027 तक रीवा जिले में सक्रिय रहेगा। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






