| | | |

MP बोर्ड टाइम टेबल 2027 जारी: प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीख भी तय; जानें पूरी डेटशीट

भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं का टाइम टेबल जारी कर दिया है।  10वीं की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक और 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी।

10वीं का टाइम टेबल 
10वीं की परीक्षा 24 फरवरी 2027 से शुरू होगी। पहले दिन भाषा विषयों के साथ चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कंप्यूटर के पेपर होंगे। 25 फरवरी को NSQF के सभी विषयों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। इसके बाद 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित, 9 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा।

12वीं का टाइम टेबल 
कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी 2027 से शुरू होगी। पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज के पेपर होंगे। 18 फरवरी को उर्दू और मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत तथा 22 फरवरी को NSQF, शारीरिक शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। इसके बाद 23 फरवरी को हिंदी, 26 फरवरी को अंग्रेजी, 1 मार्च को इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र, 4 मार्च को भौतिक शास्त्र और अर्थशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी।

8 मार्च को जीव विज्ञान का पेपर 
12वीं के विद्यार्थियों के लिए 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र, 13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास और व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य विषयों तथा 16 मार्च को गणित का पेपर होगा। 17 और 19 मार्च को अलग-अलग व्यावसायिक और वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

नियमों का पालन जरूरी 
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा। विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 8:45 बजे प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए दिया जाएगा, जबकि 8:55 बजे उत्तरपुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी।

प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीख भी तय
कक्षा 10वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून 2027 के बीच आयोजित होंगी। वहीं कक्षा 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच होंगी। जरूरत पड़ने पर प्रायोगिक परीक्षाएं छुट्टी वाले दिन भी आयोजित की जा सकती हैं।
दूसरी परीक्षा भी जून में
मंडल ने 10वीं और 12वीं की दूसरी परीक्षा का शेड्यूल भी जारी किया है। कक्षा 12वीं की दूसरी परीक्षा 11 से 30 जून 2027 तक चलेगी। इसमें 11 जून को इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 15 जून को समाजशास्त्र, 16 जून को रसायन शास्त्र, इतिहास और व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य विषय तथा 19 जून को अंग्रेजी की परीक्षा होगी।


15 से 30 जून को 10वीं की परीक्षा

कक्षा 10वीं की दूसरी परीक्षा 15 से 30 जून 2027 तक होगी। 15 जून को अंग्रेजी, 18 जून को गणित, 19 जून को उर्दू, 21 जून को भाषा एवं अन्य विषय, 23 जून को NSQF और AI, 24 जून को संस्कृत, 26 जून को विज्ञान, 28 जून को हिंदी और 30 जून को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी।

Share