|

मथुरा में फरसा बाबा की मौत के बाद बवाल, 13 गिरफ्तार; 30 नामजद, 250 अज्ञात पर केस

उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौशाला संचालक चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा की सड़क हादसे में मौत के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद समर्थकों ने हाइवे जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा।

इस मामले में 30 नामजद और 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा निवासी दक्ष चौधरी समेत चार लोग शामिल हैं।

बताया गया है कि दक्ष चौधरी और उनके सहयोगी श्रद्धांजलि देने के बाद समर्थकों के साथ छाता थाना की ओर बढ़े थे। इस दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से थाने का घेराव करने की अपील की गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दक्ष चौधरी और अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ दंगा भड़काने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में फरसा बाबा की मौत हुई थी और संबंधित ट्रक चालक की भी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।

उन्होंने कहा कि उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी न फैलाने की अपील की है और चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

Share

Similar Posts