|

हूटर-सायरन लगाया तो जब्त होगी गाड़ी: ब्लैक फिल्म-फैंसी नंबर प्लेट पर भी होगी कार्रवाई; आलीराजपुर में 10 अगस्त तक चलेगा अभियान

आलीराजपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक विशेष यातायात अभियान चलाया जाएगा। अभियान पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा संचालित किया जाएगा।

हूटर, सायरन और लालबत्ती पर होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान निजी वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हूटर, सायरन, लाल-पीली-नीली फ्लैश लाइट, शासकीय स्टिकर, VIP बोर्ड और अन्य अनधिकृत प्रतीकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को जब्त भी कर सकती है।

ब्लैक फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर भी नजर
पुलिस ने बताया कि नियमों के विरुद्ध लगी ब्लैक फिल्म (टिंटेड ग्लास), फैंसी नंबर प्लेट, बदली हुई, ढकी हुई नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।

अनधिकृत स्टिकर और पदनाम लगाना नियम विरुद्ध
निजी वाहनों पर सरकारी, VIP, ऑन ड्यूटी या अन्य किसी प्रकार के अनधिकृत स्टिकर, मोनोग्राम, किसी भी प्रकार का चिन्ह और पदनाम का उपयोग नियमों के खिलाफ है। ऐसे वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता के साथ होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी करेगी। कार्रवाई के दौरान आवश्यकतानुसार फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों से सभी अनधिकृत उपकरण, स्टिकर और ब्लैक फिल्म स्वयं हटा लें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने साफ किया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी और कार्रवाई निष्पक्ष एवं नियमानुसार की जाएगी।

Share