| | |

कंगना रनौत बोलीं- ‘गटर जेनरेशन…न पढ़ाई में अच्छी, न गृहिणी बन सकतीं; कहा- ऐसा भद्दा व्यवहार पहले कभी नहीं देखा

नई दिल्ली। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक विरोध प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को ‘गटर जेनरेशन’ बताते हुए उनकी भाषा, व्यवहार और परवरिश पर सवाल उठाए। महिला प्रदर्शनकारियों को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।

कहा- ऐसा भद्दा व्यवहार पहले कभी नहीं देखा
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि विरोध प्रदर्शन की वायरल रील्स देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी पूरी जिंदगी में इतना अटपटा और इतना भद्दा कुछ नहीं देखा। इन्हें किसने जन्म दिया और कौन पाल-पोस रहा है? भारत अपनी संस्कृति, शालीनता और विविधता के लिए जाना जाता है, लेकिन इस तरह की भाषा और व्यवहार हमारी पहचान से मेल नहीं खाता।”

महिला प्रदर्शनकारियों पर भी की टिप्पणी
कंगना ने कुछ वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए लिखा कि आज की कुछ लड़कियां न पढ़ाई-लिखाई में अच्छी हैं और न ही भविष्य में अच्छी गृहिणी बन सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित होकर कुछ युवा जिम्मेदारियों से दूर भाग रहे हैं और सोशल मीडिया पर गलत जीवनशैली को बढ़ावा दे रहे हैं।

डिजिटल डिटॉक्स की बात कही
कंगना ने कहा कि वायरल रील्स देखने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गईं। उन्होंने लिखा कि अब अपनी शांति बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया से कुछ समय की दूरी बनाकर ‘डिजिटल डिटॉक्स’ करना जरूरी लग रहा है।

बयान पर सियासी घमासान
कंगना की टिप्पणियों के बाद कांग्रेस ने कहा कि उनके बयानों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। वहीं AIMIM नेता वारिस पठान ने बयान की निंदा करते हुए कंगना से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

Share