| | |

केडी गेट पर मस्जिद के हिस्से को हटाने पहुंचा प्रशासन: JCB चलने पर विरोध; 3 फीट सुरक्षित रखने की मांग

उज्जैन।  सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच मंगलवार को केडी गेट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई फिर शुरू हुई। प्रशासनिक अमला मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने पहुंचा।

जेसीबी चलने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

रहवासी कर रहे 3 फ़ीट की मांग
मस्जिद कमेटी से जुड़े शाहिद खान ने बताया कि मस्जिद 100 से 150 वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में समाज ने प्रशासन का सहयोग करते हुए दुकानों का कुछ हिस्सा भी हटाया है। समाज की मांग है कि मस्जिद का 2 से 3 फीट हिस्सा सुरक्षित रखा जाए।

मसले पर विस्तार से चर्चा होगी
मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के प्रभावित हिस्से को लेकर समाज के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी मांग और आपत्ति रखी। शहर काजी खलिकुर्रहमान ने कहा कि प्रशासन के साथ बैठक कर मसले पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में सामने आए निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद फिलहाल आगे की कार्रवाई रोक दी गई है। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत केडी गेट रोड के चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।

Share