| |

कारगिल विजय दिवस पर इंदौर में निकली शौर्य यात्रा: शहीद स्मारक पहुंचकर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि; दो मिनट का रखा मौन

इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इंदौर में महाराणा प्रताप स्वतंत्र स्काउट ग्रुप और जिनेश्वर स्कूल के स्काउट्स एवं विद्यार्थियों ने शौर्य यात्रा निकालकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा के माध्यम से देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के साहस और वीरता को याद किया गया।

शहीद स्मारक पहुंची यात्रा 
शौर्य यात्रा में स्काउट्स और विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा, देशभक्ति के संदेश वाली तख्तियां और महापुरुषों के चित्र लेकर बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। यात्रा 15वीं बटालियन स्थित शहीद स्मारक पहुंची, जहां सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कारगिल युद्ध के दौरान सेवा देने वाले हुए शामिल
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के दौरान सेवाएं दे चुके स्काउट लीडर भंवरलाल बोहरे, कैलाश यादव, देवेंद्र कोठारी और गोपाल चौहान सहित जिनेश्वर विद्यालय के विकास गांधी, स्काउट अध्यक्ष भूपेंद्र हर्षुले, रमेश अग्रवाल, न्यायाधीश मुहम्मद शमी, मयूरेश पिंगले, हरीश विजयवर्गीय, सुरेंद्र सिंह मुन्ना, एम.एल. मिमरोट, हेमराज वाडिया तथा बड़ी संख्या में स्काउट्स, विद्यार्थी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कारगिल युद्ध राष्ट्रभक्ति का प्रतीक
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा- कारगिल युद्ध देश की वीरता, साहस और अदम्य राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। देश के वीर जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और नई पीढ़ी को उनके त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।

Share