कैलाश-मानसरोवर यात्रा से गुलजार हुआ नेपाल का सिमकोट, भारतीय श्रद्धालुओं की बढ़ी आवाजाही

काठमांडू। कैलाश-मानसरोवर यात्रा सीजन शुरू होते ही नेपाल के हुम्ला जिले का मुख्यालय सिमकोट भारतीय श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही से गुलजार हो गया है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण स्थानीय पर्यटन उद्योग, होटल व्यवसाय, हेलीकॉप्टर सेवाएं और श्रमिक वर्ग पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं।

हुम्ला हवाई अड्डे के प्रमुख महेंद्र बहादुर सिंह के अनुसार यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए तारा एयर और सीता एयर ने नेपालगंज में अपने अतिरिक्त विमान तैनात किए हैं। वहीं हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाताओं ने भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हेलीकॉप्टर संचालन शुरू कर दिया है।

नागरिक उड्डयन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक केवल गुरुवार को ही सिमकोट हवाई अड्डे से दोनों दिशाओं में कुल 170 उड़ानों का संचालन किया गया। इनमें नेपालगंज से सिमकोट के लिए 29 विमान उड़ानें और सिमकोट से चीन सीमा के निकट स्थित हिल्सा तक 56 हेलीकॉप्टर उड़ानें शामिल रहीं।

हुम्ला के प्रमुख जिला अधिकारी टेक प्रसाद रेगमी ने बताया कि क्षेत्र में इस समय हर तरफ भारतीय श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि सुबह साढ़े छह बजे से ही उड़ानें शुरू हो जाती हैं और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार यात्रा शुरू होने के पिछले तीन सप्ताह में 2,124 भारतीय श्रद्धालु कैलाश-मानसरोवर दर्शन कर चुके हैं। इनमें लगभग 1,200 पुरुष और 900 महिलाएं शामिल हैं।

यात्रा की प्रक्रिया के तहत भारतीय श्रद्धालु पहले नेपालगंज पहुंचते हैं। वहां से विमान द्वारा सिमकोट और फिर हेलीकॉप्टर के माध्यम से हिल्सा पहुंचकर चीन सीमा में प्रवेश करते हैं। इसके बाद वे कैलाश-मानसरोवर की पवित्र यात्रा पूरी करते हैं।

स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि इस वर्ष कैलाश-मानसरोवर यात्रा को लेकर उत्साह काफी अधिक है। अब तक लगभग 16 हजार भारतीय श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए अग्रिम बुकिंग करा ली है। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या न केवल स्थानीय कारोबार को मजबूती दे रही है, बल्कि नेपाल के पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

Share

Similar Posts