जीतू पटवारी बोले- MP में शिक्षा व्यवस्था खत्म हुई: विद्यार्थी 10वीं तक भी नहीं पढ़ रहे; BJP की सरकार में 152 बार पेपर लीक हुआ

इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार से सवाल पूछे।
उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर मां अहिल्या की नगरी इंदौर से एक नई शुरुआत होने जा रही है। राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष के रूप में छात्रों की समस्याओं को लगातार उठा रहे हैं और शिक्षा के माध्यम से देश की प्रगति का नया नैरेटिव खड़ा करना चाहते हैं।
पटवारी ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 50 बार परीक्षाएं निरस्त हुई हैं और 152 बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं।
विद्यार्थी दसवीं तक भी नहीं पहुंच पा रहे
प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया कि आखिर इन व्यवस्थागत कमियों में सुधार कब होगा। पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है। स्कूली शिक्षा का रिकॉर्ड चिंताजनक है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी दसवीं तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
स्कूल और कॉलेजों में आरएसएस का प्रभाव बढ़ रहा
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल और कॉलेजों में आरएसएस का प्रभाव बढ़ रहा है और शिक्षा व्यवस्था में उसका एजेंडा चलाया जा रहा है। पटवारी ने पटवारी भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के कारण बेरोजगारी बढ़ रही है।
आम जनता के साथ भी भेदभाव हो रहा
पटवारी ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ भी भेदभाव हो रहा है। निजी स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति पर भी पटवारी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति के दायरे में आने वाले निजी संस्थानों में भी 80 प्रतिशत की स्थिति दयनीय है।
लिखित अनुमति नहीं मिली तो सड़क पर होगा कार्यक्रम
दिल्ली में हुए छात्र आंदोलन और कोटा में छात्रों से जुड़े आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पटवारी ने कहा कि प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं के आने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि अनुमति मौखिक रूप से मिल गई है, लिखित अनुमति समय पर नहीं मिली तो कांग्रेस सड़क पर कार्यक्रम करेगी।
तीन महीने में जारी हो मास्टर प्लान
वहीं इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि 50 हजार लोग इंदौर से भोपाल जाकर सरकार से मुलाकात करेंगे। पटवारी ने कहा कि इंदौर लंबे समय से मास्टर प्लान का इंतजार कर रहा है और नया मास्टर प्लान तीन महीने में जारी किया जाना चाहिए।