झाबुआ पहुंची 3 हजार किमी लंबी सेवा संकल्प यात्रा: पिटोल में 35 बाइकर्स का स्वागत; युवाओं ने किया टीमली नृत्य

झाबुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर संपूर्ण देश में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जा रही है।
रविवार को यह यात्रा गुजरात-मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित पिटोल पहुँची। प्रधानमंत्री की जन्मस्थली वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी की ओर जा रही इस यात्रा में शामिल करीब 35 बाइकर्स का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश की मंत्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दौलत भावसार, कल्याण सिंह डामोर और विजय चौहान सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पारंपरिक खाटला बैठक का आयोजन किया
पिटोल के स्वागत के बाद यह यात्रा कालाखूंट गाँव के ‘मोदी फलिया’ पहुँची, जहाँ बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इस क्षेत्र में एक पारंपरिक खाटला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और मीराबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से उनका पक्का मकान बन गया है।
स्वागत के दौरान स्थानीय संस्कृति की सुंदर झलक दिखी।
ढोल की थाप पर हुए टीमली नृत्य किया
ग्रामीणों ने यात्रियों को स्थानीय भुट्टे और ककड़ी का स्वाद चखाया, तथा ढोल की थाप पर हुए टीमली नृत्य में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया और मंडल अध्यक्ष दिनेश मेवाड ने बताया कि आवास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के बाद ग्रामसभा के प्रस्ताव पर इस फलिया का नाम ‘मोदी फलिया’ रखा गया है।
3 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा
यात्रा के प्रभारी और वलसाड निवासी ध्रुव भाई ने बताया कि यह 3 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा है, जिसके तहत कुल 20 टोलियाँ (10 गुजरात से वाराणसी और 10 वाराणसी से गुजरात) लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और जल संरक्षण-वृक्षारोपण के प्रति जागरूक कर रही हैं। पिटोल के बाद यात्रा झाबुआ पहुँची, जहाँ दिव्यांग केंद्र में पुस्तक-पेन वितरण, सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरण और चारोलीपाड़ा गौशाला में सेवा कार्य किए गए।