|

झाबुआ में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई: रेस्टोरेंट से 44 किलो घी जब्त; नियमों में कमी पर दी सुधार की चेतावनी

झाबुआ। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 4 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और 44 किलो घी जब्त किया, जिसकी कीमत 26 हजार 400 रुपए बताई गई है। वहीं, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों में कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने महाराजा भोजनालय, नीलकंठ भोजनालय, भारत रेस्टोरेंट, आंबा की रसोई और महांकाल रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसके अलावा माहेश्वरी एजेंसी और भारमल ट्रेडर्स समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए गए। साथ ही 44 किलो घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 26 हजार 400 रुपए आंकी गई है।

स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों में मिली कमियां
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 के तहत निर्धारित स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं पाया गया।

इस पर संबंधित रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को कमियों में सुधार के लिए सुधार सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। संचालकों को निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर कर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

सुधार नहीं किया तो होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं की गईं या निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा एवं वेलसिंह मोरी मौजूद रहे।

Share