झाबुआ में बारिश के बीच मनाया स्वतंत्रता दिवस: मंत्री निर्मला भूरिया ने किया ध्वजारोहण; जवानों ने दी सलामी

झाबुआ। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। मंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। रुक-रुककर हुई बारिश के बावजूद विद्यार्थियों, जवानों और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
जवानों ने परेड और हर्ष फायर से दी सलामी
समारोह में पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रगान हुआ। सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने शानदार परेड और हर्ष फायर के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। मंत्री निर्मला भूरिया ने स्वतंत्रता सेनानियों, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से दिए गए स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण भी किया गया।
विकास गाथा पुस्तिका का वितरण
समारोह में जिले की विकास यात्रा पर आधारित विकास गाथा पुस्तिका का वितरण किया गया। इसके साथ ही रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों और विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।