रीवा में गैंग के साथ स्टंट..1-इंच गाय से बचा: मऊगंज में 1KM हैंडल छोड़कर चलाई बाइक: लिखा- प्रशासन में दम हो तो रोक के दिखाए…

रीवा। सड़क पर गैंग के साथ युवकों ने जानलेवा स्टंट किया। उन्होंने इसकी रील भी बनाई। कैप्शन में प्रशासन को चुनौती दी। भौकाल जमाने के लिए गाना लगाया- बालू के माफिया हैं…बलू में गड़बा देहिनी…।
वीडियो मऊगंज का बताया जा रहा है। युवक 1 किलोमीटर तक लहराते हुए बाइक चलाता है। कई बार वह हाथ से हैंडल छोड़कर कॉलर के पास ले जाता है। उसके साथ और पीछे चला रहे बाइक सवार भी उसकी कॉपी करते हैं।
ग्रामीण इलाका होने के कारण रोड पर अचानक गाय आ जाती है। गाय को बचाने के लिए वह कट मारता है। इस दौरान गाय और बाइक की दूरी लगभग 1 इंच के आसपास बचती है।
कभी दाएं तो कभी बाएं लहराता रहा बाइक
वायरल वीडियो में युवक बाइक को कभी सड़क के एक तरफ तो कभी दूसरी तरफ लहराते हुए चला रहा है। इस दौरान उसने दोनों हाथ हैंडल से पूरी तरह हटा रखे हैं। सड़क पर दूसरे वाहन भी गुजर रहे थे। ऐसे में जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। युवक की इस हरकत से न केवल उसकी खुद की जान खतरे में थी, बल्कि सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा हो गया।
रील बनाने के लिए स्टंट का वीडियो किया वायरल
बताया जा रहा है कि युवकों ने बाइक स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। रील बनाने के लिए सड़क पर इस तरह खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जुटा रही वीडियो की जानकारी
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जानकारी जुटाई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे बाइक सवारों की पहचान कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित युवकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।