जबलपुर के पैंटालून शोरूम में तिलक-कलावा विवाद, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

Jabalpur में धार्मिक प्रतीकों को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। Pantaloons के शास्त्री ब्रिज स्थित शोरूम पर आरोप लगे हैं कि कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोका गया। इस मामले को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों ने शोरूम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शोरूम के कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाया और उनके हाथों में कलावा बांधा। इस दौरान फ्लोर मैनेजर नितिन बोरकर को भी तिलक लगाकर कलावा पहनाया गया। कुछ समय के लिए शोरूम के बाहर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कर्मचारियों पर धार्मिक प्रतीकों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा था और निर्देशों का पालन नहीं करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। कुछ कर्मचारियों ने अनौपचारिक रूप से ऐसे निर्देश मिलने की बात भी स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, शोरूम प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीक न पहनने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दो दिन पहले एक कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान “धार्मिक स्वतंत्रता” और “सनातन प्रतीकों के सम्मान” की मांग उठाई गई।
हालांकि शोरूम प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। प्रबंधन का कहना है कि किसी भी कर्मचारी को धार्मिक आधार पर नहीं रोका गया, बल्कि केवल कंपनी के ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। उनके अनुसार, मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू संगठनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।






