यशवंत क्लब चुनाव 2026 ; आज मतदान, पम्मी छाबड़ा और जीतू जैन में अध्यक्ष पद की सीधी टक्कर
इंदौर के प्रतिष्ठित यशवंत क्लब में रविवार को चुनाव होने वक्ला हैं। क्लब के 5,124 सदस्य नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों के चयन के लिए मतदान करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए इस बार परमजीत सिंह (पम्मी) छाबड़ा और जितेंद्र जीतू जैन के बीच सीधा मुकाबला है।
यह मतदान रविवार सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए क्लब परिसर में चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मतदान दो बैलेट पेपर से किया जाएगा
मतदाताओं को मतदान के लिए दो अलग-अलग बैलेट पेपर दिए जाएंगे। एक बैलेट पेपर कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए होगा, जबकि दूसरा अध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष सहित चार पदाधिकारियों के चयन के लिए रहेगा।
मुकाबला पम्मी छाबड़ा और सचदेवा-गोरानी पैनल आमने-सामने
पम्मी छाबड़ा पैनल ने अध्यक्ष पद के लिए परमजीत सिंह छाबड़ा और सचिव पद के लिए अतुल शेठ को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव मैदान में मुख्य रूप से पम्मी छाबड़ा पैनल और सचदेवा-गोरानी पैनल आमने-सामने हैं। इसके अलावा कुछ उम्मीदवार निर्दलीय भी चुनाव लड़ रहे हैं।
लगातार दो कार्यकाल पूरे होने के कारण पूर्व अध्यक्ष टोनी सचदेवा और संजय गोरानी इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उनकी टीम ने अध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र जैन और सचिव पद के लिए विजय कस्तूरी को मैदान में उतारा है।