इंदौर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी गुरु पूर्णिमा, हंसदास मठ में गुरु पूजन, पादुका अभिषेक और दीक्षा समारोह सम्पन्न

इंदौर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शहरभर के मंदिरों और मठों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ा गणपति स्थित प्राचीन हंसदास मठ में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु पूजन किया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरु दीक्षा और आशीर्वाद का आयोजन
हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा प्रदान कर आशीर्वाद दिया। उनके सानिध्य में पादुका पूजन, संतों की समाधियों का अभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
15 संतों की समाधियों का हुआ पूजन
महामंडलेश्वर महंत पं. पवनदास महाराज के सानिध्य में मठ परिसर में विराजमान 15 संतों की समाधियों का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया गया। इसके बाद पादुका पूजन और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा परिसर गुरु भक्ति और भजनों से गुंजायमान रहा।
संस्कृत पाठशाला के बटुकों ने निभाई गुरु परंपरा
मठ की संस्कृत पाठशाला के बटुकों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए अपने गुरुओं का पादपूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। बटुकों ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व का संदेश देते हुए श्रद्धा और समर्पण भाव से गुरु वंदना की।
शहरभर के मंदिरों में रहे धार्मिक आयोजन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इंदौर के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में भी विशेष पूजन, भजन-कीर्तन, सत्संग और महाआरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त की।