| | | |

इंदौर में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: खाने-पीने और ठहरने की रहेगी उत्तम व्यवस्था; कलेक्टर ने सुविधाओं का लिया जायजा

इंदौर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने इंदौर-खंडवा मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के निकलने पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने मोटर यान अधिनियम के तहत आदेश जारी किए हैं।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय
जारी आदेश के अनुसार, इंदौर-खंडवा मार्ग से गुजरने वाले भारी मालवाहक वाहनों को अब राऊ, मानपुर, बलकवाड़ा होते हुए देशगांव मार्ग से निकाला जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रास्ते पर ट्रैफिक का  दबाव कम करना है।

इन वाहनों पर नहीं रहेगा प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध कार, जीप, दोपहिया वाहन और यात्री बसों पर लागू नहीं होगा। आम लोगों का आन-जाना पहले की तरह जारी रहेगा।

आवश्यक सेवाओं को दी गई छूट
आदेश में आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। दूध के वाहन, एलपीजी गैस टैंकर, पेयजल टैंकर, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्धारित मार्ग से निकलने की अनुमति रहेगी।

कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा शिविर शुरू
ओंकारेश्वर से महाकाल मंदिर तक पैदल यात्रा करने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर भी शुरू किए गए हैं। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, विश्राम, पेयजल और फलाहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रशासन ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का पालन करने और कांवड़ यात्रा के दौरान जारी यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में यात्रा मार्गों पर कांवड़ियों के ठहरने, भोजन, पिने का पानी, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रा मार्गों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया।

भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के निर्देश दिए
पुलिस विभाग को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संबंधित सड़क एजेंसियों को यात्रा मार्गों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के लिए कहा गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हो रही व्यवस्थाएं
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि सावन शुरू हो रहा है और कांवड़ यात्री कावड़ लेकर जाएंगे इसलिए उनके रुट पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर व्यवस्थाएं की जा रही है। सुरक्षित आवगमन के लिए डाइवर्जन भी किए गए है। पुलिस विभाग भी सहयोग दे रहा है। कावड़ियों के रूट पर भारी वाहन न चले इसकी व्यवस्था भी की जा रही हैं। सड़क पर लाइट की व्यस्था भी की गई है। यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो इसके सारे इंतज़ाम किए गए है।

 

 

Share