| | | |

इंदौर में कार्तिक मेडिकल स्टोर सील: दुकान का लाइसेंस हुआ कैंसिल; बिना प्रिस्क्रिप्शन बेच रहे थे गर्भपात की दवा

इंदौर। बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन गर्भपात की दवा बेचने के मामले में ड्रग विभाग और पुलिस ने एमवाय अस्पताल के सामने बने कार्तिक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। वहीं, जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन के मामले में 6 अन्य मेडिकल स्टोरों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

विभाग को लगातार मिल रही थी शिकायतें
ड्रग विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोर बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के गर्भपात की दवाएं बेच रहे हैं। शिकायतों के सत्यापन के लिए पुलिस की एक महिला कर्मी को ग्राहक बनाकर कार्तिक मेडिकल स्टोर भेजा गया। आरोप है कि स्टोर संचालक ने बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के दवा उपलब्ध करा दी।

मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर कार्रवाई शुरू की
जैसे ही दवा की बिक्री हुई, ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मेडिकल स्टोर को सील किया गया। बाद में दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच के लिए स्टोर को अधिकारियों की मौजूदगी में खुलवाया गया।

रद्द होगा लाइसेंस
औषधि निरीक्षक, सारिका अग्रवाल ने बताया कि नियंत्रक मनोज गुप्ता और कलेक्टर के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि यहाँ बिना पर्ची गर्भपात की दवा बेचीं जा रही है। इसमें सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। सुचना मिलने के बाद रात 12 बजे तक कार्रवाई की गई। फिलहाल दूकान का लाइसेंस रद्द किया जाएगा।

Share