| |

इंदौर सड़क सुरक्षा बैठक में आए जस्टिस सप्रे: कहा-रोड इंजीनियरिंग में लापरवाही नहीं; नो इंश्योरेंस-नो फ्यूल पॉलिसी पर की चर्चा

इंदौर। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक एआईसीटीएसएल (सिटी बस) कार्यालय में आयोजित हुई।

बैठक के बाद नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंगल ने प्रेस वार्ता में बताया कि जस्टिस सप्रे द्वारा रोड सेफ्टी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिले में हुए सड़क सुरक्षा कार्यों, ब्लैक स्पॉट्स पर की गई कार्रवाई, इंजीनियरिंग सुधार, एनफोर्समेंट और एक्सीडेंट डेथ एनालिसिस की समीक्षा की गई।

रोड इंजीनियरिंग में कमी नहीं हो
कमिश्नर ने बताया कि जस्टिस सप्रे ने निर्देश दिए हैं कि रोड इंजीनियरिंग में किसी भी तरह की कमी न रहे, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। सभी सड़कों पर साइनेज सहित जरूरी सेफ्टी फीचर्स दुरुस्त रखे जाएं और ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधार कार्य किए जाएं।

स्कूल-कॉलेजों में रोड सेफ्टी एजुकेशन कैंपेन
सबसे ज्यादा जोर जन-जागरूकता पर दिया गया। जस्टिस सप्रे ने कहा कि टू-व्हीलर चलाने वाले हेलमेट जरूर पहनें। फोर-व्हीलर में आगे-पीछे बैठे सभी लोग सीट बेल्ट लगाएं। ट्रैफिक नियमों का पालन हर हाल में किया जाए। इसके लिए इंफॉर्मेटिव वीडियो के जरिए प्रचार-प्रसार करने और मीडिया, जिला शिक्षा विभाग और हायर एजुकेशन विभाग के सहयोग से स्कूल-कॉलेजों में रोड सेफ्टी एजुकेशन कैंपेन चलाने के निर्देश दिए।

नो इंश्योरेंस-नो फ्यूल पॉलिसी पर विचार
कमिश्नर ने बताया कि सेंट्रल लेवल पर ‘नो इंश्योरेंस-नो फ्यूल’ पॉलिसी पर विचार चल रहा है। कई बार वाहन का इंश्योरेंस नहीं होता या रिन्यू नहीं कराया जाता, जिससे हादसे के बाद दिक्कत आती है। इस पॉलिसी के तहत बिना इंश्योरेंस वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल न देने जैसे कदमों पर विचार किया जा रहा है, ताकि लोग इंश्योरेंस को लेकर जागरूक हों।

दफ्तरों में हेलमेट अनिवार्य, CR में आएगा रिमार्क
जस्टिस सप्रे ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी यदि टू-व्हीलर से आ रहे हैं तो हेलमेट पहनकर ही आएं। ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर उनकी सीआर (कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट) में भी रिमार्क डाला जाएगा।

पार्किंग का उपयोग हो 
पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस मिलकर रोड साइड पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। पुलिस को क्रेन भी उपलब्ध कराई गई हैं। पार्किंग का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।

Share