एम.आर. 9 से एल.आई.जी. लिंक रोड चौड़ीकरण के लिए निगम की बड़ी कार्रवाई, 182 मकान हटाए गए

इंदौर, 6 नवंबर 2025 — नगर निगम इंदौर ने आज मास्टर प्लान के तहत एम.आर. 9 से एल.आई.जी. लिंक रोड चौड़ीकरण कार्य के लिए सड़क की दूसरी ओर बृहद रिमूवल कार्रवाई की।

आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशानुसार निगम के रिमूवल विभाग ने मालवीय नगर गली नंबर 2 स्थित क्षेत्र में यह कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान 182 से अधिक मकानों को हटाया गया, जो सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधक थे। इनमें से 28 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नए आवासों में शिफ्ट किया गया। निगम की इस सुव्यवस्थित कार्रवाई से सड़क निर्माण के लिए पूरा मार्ग मुक्त हो गया है।

रिमूवल कार्य में 5 जेसीबी मशीनें और 5 पोकलेन मशीनें लगाई गईं। निगम अधिकारियों के अनुसार, यह मास्टर प्लान के अनुरूप शहर के प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी श्री विनोद अग्रवाल, भवन निरीक्षक श्री सचिन गहलोत, रिमूवल सहायक श्री बबलू कल्याणे, निगम का रिमूवल अमला तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।






