नाना पटवारी के साथियों ने कबूला क्रिकेट सट्टे के कमीशन एजेंट थे ; चार पर एफआईआर दर्ज
एमडी ड्रग्स के मामले में आरोपी नाना पटवारी और उसके साथी सुमित मंत्री से बुधवार देर रात तक राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि नाना के साथी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट ऑल पैनल पर क्रिकेट सट्टे के कमीशन एजेंट थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें प्रत्येक लेनदेन पर कमीशन मिलता था।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नाना के चार साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल इस प्रकरण में नाना पटवारी का नाम आरोपी के रूप में शामिल नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार जांच में संजय कौशल, मनीष जादौन, दिनेश उर्फ लल्ला चौहान, प्रीतेश त्रिपाठी सहित अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। इन पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क संचालित करने और बेटिंग आईडी उपलब्ध कराने का आरोप है।
कमीशन मिलता था 20 से 100 रुपए
जांच में सामने आया कि कृष्णा नगर निवासी संजय कौशल ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट ऑल पैनल पर क्रिकेट सट्टे का कमीशन एजेंट था। प्रत्येक लेन देन पर उसे 20 से 100 रुपए तक कमीशन मिलता था। पूछताछ में संजय ने पुलिस को बताया कि सच्चिदानंद नगर (महू नाका) निवासी मनीष पमनानी उसे ऑलपैन एक्स और ग्रेडटेक्स डॉट कॉम की बेटिंग लिंक उपलब्ध कराता था। ये लिंक वॉट्सऐप के जरिए भेजी जाती थीं, जिन पर 5 हजार रुपए या उससे अधिक बैलेंस वाली बेटिंग आईडी मिल जाती थी।
पूरा हिसाब एक डायरी में दर्ज था
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दिनेश उर्फ लल्ला चौहान, मनीष जादौन और प्रीतेश त्रिपाठी को ऑनलाइन बेटिंग ऐप की आईडी उपलब्ध कराई गई थी। इन आईडी और लेनदेन का पूरा हिसाब संजय कौशल एक डायरी में दर्ज करता था। अब पुलिस डायरी जब्त करने की तैयारी में है। डायरी में दर्ज नामों और लेनदेन के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आईटी एक्ट और सट्टा कानून के तहत केस दर्ज किया
राजेंद्र नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन जुआ, क्रिकेट सट्टा संचालन और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में यदि नाना पटवारी की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलते हैं तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।