| | | | |

इंदौर में मौलाना के बयान पर बवाल: हिंदू संगठनों ने कांवड़ लेकर चंदन नगर थाने का किया घेराव; भगवान शिव पर टिप्पणी की थी

इंदौर। सोशल मीडिया पर मौलाना जर्जिस अंसारी का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। वायरल वीडियो में मौलाना एक सार्वजनिक मंच से हिंदू देवी-देवताओं और भगवान शिव को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। भाषण के दौरान उन्होंने भगवान ब्रह्मा, विष्णु और भगवान शिव का उल्लेख करते हुए उनकी पूजा को लेकर बयान दिया, जिस पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

वीडियो में मौलाना को यह कहते हुए सुना जा रहा है, “मैंने पंडित जी से कहा कि इतना मत बिगड़िए, खतना तो सबसे पहले आपके यहां शंकर जी ने करवाया।” वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की और कार्रवाई की मांग उठाई।

हिंदू संगठनों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
मौलाना के बयान को लेकर कई हिंदू संगठनों और सामाजिक संगठनों ने विरोध दर्ज कराया है। संगठनों का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

कांवड़ लेकर चंदन नगर थाने पहुंचे कार्यकर्ता
FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कांवड़ लेकर चंदन नगर थाने पहुंचे। प्रदर्शन में महिलाओं और बच्चों की भी मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
प्रदर्शन और बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाने पर पुलिस बल तैनात किया गया। हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस ने थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पहले भी विवादित बयान देने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौलाना जर्जिस अंसारी पहले भी धार्मिक विषयों को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्होंने पूर्व में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे समाज में नाराजगी हुई थी।

पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
चंदन नगर थाना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सच्चाई और उसकी जगह और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

SP शिवेंद्र जोशी ने बताया कि चंदन नगर से गंगवाल की ओर कांवड़ यात्रा जा रही थी। इसी दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में कुछ लोग चंदन नगर थाने पहुंचे और शिकायत आवेदन सौंपा। शिकायत के साथ एक वीडियो भी पुलिस को दिया गया है।

वीडियो की जांच की जा रही है कि वह कहां का है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि मौलाना जर्जिस अंसारी की तकरीर में भगवान भोलेनाथ को लेकर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे हिंदू समाज और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने बताया कि महामंडलेश्वर नितिन दास महाराज के सानिध्य में कांवड़ यात्रियों के साथ थाने पहुंचकर FIR दर्ज करने की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ाई गई।

मनोज परमार ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले सोमवार को 5 हजार लोगों की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर थाने या SP कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

Share