इंदौर लोकायुक्त ने पटवारी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार: फॉर्मर आईडी के लिए मांगे थे दो हजार, मुकदमा दर्ज

झाबुआ। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की। पेटलावद तहसील के सारंगी उप तहसील कार्यालय में पदस्थ पटवारी संजय अमलियार को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी किसान की कृषि भूमि का सर्वे नंबर फार्मर आईडी में दर्ज करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, फरियादी पुनिया भूरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कृषि भूमि का सर्वे नंबर फार्मर आईडी में दर्ज करने के बदले में पटवारी संजय अमलियार 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने पहले उसकी जांच की जिसमें आरोप सही पाए गए।
मीटिंग हॉल में बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त इंदौर की टीम ने निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई। सारंगी उप तहसील कार्यालय के मीटिंग हॉल में जैसे ही पटवारी ने फरियादी से 2 हजार रुपए की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है।