|

इंदौर में कुपोषण के खिलाफ अभियान: कलेक्टर ने 1000 कुपोषित बच्चों को वितरित की न्यूट्रिशन किट

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुपोषण मुक्त मध्य प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में इंदौर जिले में सुपोषण संकल्प अभियान के तहत गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों को 1000 न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों को किट प्रदान की।

महिला एवं बाल विकास विभाग और सहायता संस्था के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य 6 माह से 6 वर्ष तक के गंभीर कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है।

एक किट की अनुमानित कीमत करीब 500 रुपये
प्रत्येक न्यूट्रिशन किट में राजगीरा के लड्डू, खोपरे का गोला, सत्तू का आटा, एक किलोग्राम खजूर, तिलपट्टी और अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल है। एक किट की अनुमानित कीमत करीब 500 रुपये है। किट को केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग के पोषण मानकों के अनुसार तैयार किया गया है।

सभी विभाग मिलकर कर रहे काम
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी की जाए और उनके स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा- “हर बच्चा हमारा अपना है। उसके स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी हम सभी की है।”

स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास
सहायता संस्था के डॉ. अनिल भंडारी ने बताया कि संतुलित और पौष्टिक आहार के माध्यम से गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा, सहायता संस्था के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Share