इंदौर में जोमैटो डिलीवरी बॉय से छीना मोबाइल: बिरयानी ठेले पर किया पेमेंट; 72 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूट की वारदात का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।
7 अगस्त की रात हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त की रात एबी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास जोमैटो डिलीवरी बॉय डिलीवरी का काम कर रहा था। इसी दौरान ऑटो रिक्शा में सवार एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए उसकी बाइक रुकवाई और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। ऑटो में आरोपी युवक के साथ एक युवती और चालक भी मौजूद थे।

120 CCTV कैमरों की मदद से ट्रेस हुआ रूट
वारदात के बाद एमआईजी पुलिस ने एलआईजी चौराहे से लेकर लवकुश चौराहा उज्जैन रोड तक करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों के भागने का पूरा रूट ट्रेस किया गया। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

बिरयानी के ठेले पर किया गया UPI पेमेंट बना अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने घटना के बाद एक बिरयानी के ठेले पर UPI से भुगतान किया था। पुलिस ने उस भुगतान की डिटेल निकलवाई, जिसमें मिले मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसी तकनीकी सुराग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
मोबाइल और ऑटो रिक्शा बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

DCP ने दी जानकारी
DCP अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि तकनीकी जांच, CCTV फुटेज और UPI ट्रांजेक्शन की मदद से पुलिस टीम ने कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।