| | | |

इंदौर में ई-रिक्शा से गहने चोरी: रिटायर्ड शिक्षक की बेटी बोली, 25 लाख के थे जेवर; दो थानों में उलझा मामला

इंदौर। इंदौर में ई-रिक्शा से सफर के दौरान रिटायर्ड शिक्षक की बेटी के करीब 25 लाख रुपए के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद वे दो थानों के बीच भटकते रहे और करीब 10 दिन बाद पुलिस ने FIR दर्ज की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच में एक संदिग्ध ई-रिक्शा चालक का चेहरा सामने आया है।

स्टेशन से स्कीम-78 जाते समय हुई वारदात
लसूड़िया थाना में बद्रीलाल (60) ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को वह अपनी बेटी खुशबू को उसके ससुराल छोड़ने निकले थे। 20 जुलाई को इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों ने एक शेयरिंग ई-रिक्शा लिया। रिक्शा में पहले से कुछ सवारियां मौजूद थीं। चालक ने पवन को आगे बैठाया, जबकि खुशबू पीछे बैठी। उनका सूटकेस भी पीछे रखवा दिया गया।

घर पहुंचने पर खुला चोरी का पता
पवन के मुताबिक, स्कीम-78 स्थित एक भोजनालय के सामने उन्हें उतार दिया गया। वहां से वे घर पहुंचे और जब सूटकेस खोला तो उसमें रखे हार, करधनी, बिछिया, चेन, झुमके, बाली, बाला, कंगन, मंगलसूत्र, कुंडल, नथ समेत अन्य सोने के गहने गायब मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए गहनों की कीमत 25 लाख रुपए से अधिक है।

दो थानों के बीच उलझा मामला
घटना के बाद पिता-पुत्री सबसे पहले लसूड़िया थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने यह कहते हुए उन्हें छोटी ग्वालटोली थाना भेज दिया कि रिक्शा वहीं से लिया गया था। छोटी ग्वालटोली थाने में पुलिस ने घटना स्थल स्कीम-78 क्षेत्र बताते हुए उन्हें फिर लसूड़िया भेज दिया। काफी प्रयास और वकील की मदद से आवेदन देने के बाद बुधवार रात लसूड़िया पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध ई-रिक्शा चालक की तस्वीर सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Share