इंदौर में गुड़ खिलाते समय हाथी ने सूंड से उठाकर पटका: पैर से कुचला; ऑटो ड्राइवर की मौत, पुलिस कर रही महावत से पूछताछ

इंदौर। इंदौर में शनिवार को हाथी के हमले से घायल ऑटो ड्राइवर की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
महावत इलाके में घुमा रहा था हाथी
पुलिस के अनुसार, घटना राज नगर पुलिस चौकी के पास हुई। उज्जैन से एक मांगलिक कार्यक्रम के लिए लाए गए हाथी को महावत इलाके में घुमा रहा था। इसी दौरान ऑटो चालक विजय राव ने हाथी को रोककर उसे गुड़ खिलाने की कोशिश की। तभी हाथी अचानक उग्र हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक- हाथी ने विजय राव को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। फिर उसके ऊपर पैर रख दिया। गंभीर घायल चालक को पहले जिला अस्पताल और बाद में वर्मा यूनियन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

महावत से पूछताछ शुरू
प्राथमिक जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि घटना के समय ऑटो चालक शराब के नशे में था। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। चंदन नगर थाना पुलिस ने बताया कि महावत से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।