| |

इंदौर में गंदा पानी पीने से 15 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी: ड्रेनेज लाइन चोक होने का दावा; नगर निगम टीम ने किया निरीक्षण

इंदौर। स्नेहलतागंज की गली नंबर-3 में दूषित पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। रहवासियों का कहना है- ड्रेनेज लाइन के कई चेंबर चोक होने से सीवेज का पानी जमीन में रिस रहा है। इस वजह से बोरवेल का पानी गंदा और बदबूदार आ रहा है।

विशाल पैराडाइज, शालिनी अपार्टमेंट, श्रीकुंज अपार्टमेंट, सारंग अपार्टमेंट समेत पांच इमारतों के करीब 140 फ्लैट हैं। जो इस समस्या से प्रभावित हैं। गंदा पानी पीने से कई परिवारों के सदस्य बीमार हो गए हैं। कुछ लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ मरीजों को घर पर।

नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए सेंट्रल जेल परिसर के भीतर ड्रेनेज लाइन की मरम्मत करनी होगी। इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना जरूरी है, इसलिए काम शुरू होने में कुछ समय लग सकता है।

स्थिति गंभीर होने की आशंका
रहवासियों ने जल्द से जल्द मरम्मत कराने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

भागीरथपुरा की घटना से लोग चिंतित
हाल ही में भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई गंभीर घटना के बाद लोग पहले से ही चिंतित हैं। ऐसे में स्नेहलतागंज के रहवासियों ने भी प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े स्वास्थ्य संकट से बचा जा सके।

Share