इंदौर-ग्वालियर बस हादसे में मासूम की मौत पर बवाल, CA एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

इंदौर से ग्वालियर जा रही एक निजी बस में आग लगने से 4 वर्षीय मासूम अनय जैन की दर्दनाक मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। सोमवार को चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) एसोसिएशन ने कलेक्टर शिवम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बस संचालक और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 15-16 मई 2026 की दरम्यानी रात इंदौर से ग्वालियर/शिवपुरी जा रही निजी इंटरसिटी बस (MP07-ZL-9090) में मक्सी स्थित जैन पथ होटल के सामने अचानक आग लग गई। इस हादसे में इंदौर के प्रतिष्ठित सीए अभिषेक जैन और मिनी जैन के 4 वर्षीय पुत्र अनय जैन गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी बाद में मौत हो गई।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि यात्रा के दौरान बस में तार जलने जैसी बदबू लगातार आ रही थी। यात्रियों ने इसकी शिकायत ड्राइवर और बस स्टाफ से की, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

“स्टाफ यात्रियों को छोड़कर भाग गया”

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बस को मक्सी में रोकने के बाद स्टाफ यात्रियों को असहाय छोड़कर फरार हो गया, जिसके कुछ देर बाद बस में भीषण आग लग गई। उस समय मासूम अनय बस में सो रहा था और गंभीर रूप से झुलस गया।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

CA एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि बस परिवहन विभाग के सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित की जा रही थी। बस में उचित इमरजेंसी एग्जिट और फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था नहीं थी, जो यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

एसोसिएशन ने मांग की कि दोषी ड्राइवर, कंडक्टर और बस संचालक पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाए, साथ ही सभी इंटरसिटी बसों की फिटनेस जांच और फायर सेफ्टी सिस्टम अनिवार्य किया जाए।

बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने दी सफाई

वहीं, इंदौर बस ऑपरेटर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नासिर खान ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और इंश्योरेंस क्लेम में हर संभव मदद करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि बस नई और ARAI सर्टिफाइड थी तथा उसमें इमरजेंसी गेट और फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद थे। उनके मुताबिक, घटना के समय सभी यात्री और स्टाफ खाना खाने उतरे थे, जबकि बच्चा बस में सो रहा था, इसलिए एसी चालू था। प्रारंभिक तौर पर वायरिंग में स्पार्किंग को आग लगने का कारण बताया गया है।

कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मामले में ज्ञापन प्राप्त हुआ है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने RTO को सभी बसों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share

Similar Posts