इंदौर में अमिता पुरोहित की संदिग्ध मौत: बेटी ने पिता-ससुराल पक्ष पर लगाए हत्या के आरोप; SIT गठित करने की मांग

इंदौर। चिमनबाग निवासी अमिता पुरोहित की संदिग्ध मौत का मामला बढ़ता जा रहा है। मृतका की बेटी तनु पाठक ने पिता और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों और समाज के लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और SIT गठित करने की मांग की।
अमिता की मौत के कई घंटे बाद तक मायके पक्ष को सूचना नहीं दी गई। साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई है। परिजनों ने मौत से पहले दिए बयान पर भी सवाल उठाए हैं।। उनका आरोप है कि अस्पताल में अमिता से बेटी को मिलने नहीं दिया गया। बयान दर्ज होने के दौरान आरोपी के मौजूद रहने से भी निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े हुए हैं।
CCTV सुरक्षित रखने की मांग
परिजनों ने 18 जुलाई के निवास, अस्पताल और जवाहर मार्ग के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके साथ ही डॉक्टरों के बयान, व्हाट्सऐप चैट, कॉल डिटेल, बैंक और UPI ट्रांजैक्शन और मोबाइल लोकेशन सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
दुकान-मकान को लेकर दबाव बनाने के भी आरोप
परिजनों ने दुकान और मकान को लेकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में SIT जांच की मांग रखी। मामले में मृतका की बेटी तनु पाठक और ACP तुषार सिंह के बयान लिए गए हैं।