|

इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट: सवारी बैठा रही बस को आईशर ने मारी टक्कर; तीन यात्री घायल

झाबुआ। इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। पिटोल से करीब पांच किलोमीटर दूर बावड़ी बस स्टैंड पर खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार आईशर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

राणापुर से पिटोल होते हुए झाबुआ जा रही मां शक्ति बस (MP 45 P 0261) सुबह करीब 8:30 बजे बावड़ी बस स्टैंड पर यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे आईशर वाहन (MP 13 G 4628) ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने बताया कि दुर्घटना में तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी सुरक्षित हैं और मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

Share